मरेहड़ी के खेतों में जानलेवा हमला करके सफारी गाड़ी लूटने के मामले का खुलासा हो गया है। गाड़ी में घायल हुए व्यक्ति के साले ने ही अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोपी युवक ने पहले अपने जीजा को शराब पिलाई और फिर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। जब वह बेसुध हो गया तो आरोपी ने अपने दोस्तों को उसकी सफारी गाड़ी लेकर भगा दिया। किसी को शक न हो इसके लिए खुद भी मौके पर बेसुध हालात में पड़ गया। बाद में सुबह परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
पुलिस ने सख्ती से पूछा तो किया कबूल
पुलिस के अनुसार 22 अक्तूबर को अमरहेड़ी निवासी हवा सिंह व उसका साला गांव ईटल कलां निवासी कृष्ण खेतों में बेसुध हालात में मिले थे और उनकी गाड़ी गायब थी। इसके बाद चिकित्सकों ने हवा सिंह की गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था। बाद में उसके साले कृष्ण ने बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया और उसके जीजा की सफारी गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट व जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया था, लेकिन पुलिस को शुरू से ही घायल हवा सिंह के साले कृष्ण पर शक था।
जब पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी कृष्ण से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि हवा सिंह पर जानलेवा हमला उसी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर करवाया था। इसके बाद उसे दो दोस्त गाड़ी को लेकर फरार हो गए, जबकि किसी को शक न हो इसके लिए वह खुद भी उसके पास ही बेसुध होने का नाटक रच लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसके साथ मौजूद दो युवक पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपी द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर सफारी गाड़ी लेकर फरार हुए दो युवकों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जल्द गिरफ्त में होंगे दो फरार आरोपी
मामले के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि अमरहेड़ी में जानलेवा हमला व गाड़ी की लूट की वारदात को घायल व्यक्ति के साले ने ही रची थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे दो आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।