उपमंडल के धनेटा कस्बे में बुधवार रात चार दुकानों के ताले टूटे मिले। एक ही रात में चार दुकानों के ताले टूटने से कस्बे के लोग दहशत में हैं। शातिर हजारों रुपये कैश और सामान ले उड़े हैं। चोरी का पता दुकान मालिकों को सुबह के समय लगा। इसके चलते दुकान मालिकों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी। धनेटा कस्बा के मुख्य बाजार के दो ज्वेलरों, एक जनरल स्टोर और एक स्टेशनरी की दुकान में चोरी हुई है। चोरी करने से पहले चोरों ने कस्बे में लगी सोलर लाइट की तार काट इसे बंद किया।
इसके बाद दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जनरल स्टोर से शातिर करीब 38 हजार रुपये नकद, 22 हजार रुपये के हार, रेडिमेड पेंट शर्ट, अंडर गारमेंट्स, स्कूल बैग आदि सामान चुरा ले गए। स्टेशनरी की दुकान से रिचार्ज कूपन, गल्ले में रखी नकदी और स्कूल बैग आदि लेकर चोरी किए हैं।
इसके बाद चोरों ने दो स्वर्णकारों की दुकानों में सेंधमारी की। यहां से शातिर चांदी की ज्वेलरी चोरी कर ले गए। दुकान मालिकों को चोरी की सूचना वार्ड सदस्य अजय कुमार और विक्रम सिंह ने दी। दोनों थ्रेशिंग के बाद अपना ट्रैक्टर पैट्रोल पंप पर खड़ा कर कार से घर आ रहे थे।
उन्होंने देखा कि दो ज्वेलर शॉप्स के शट्टरों के ताले खुले थे और एक युवक दुकानों के बाहर टहल रहा था। उन्होंने व्यस्तता के चलते इस बारे कोई ध्यान नहीं दिया। सुबह के समय दुकानों के मालिक दुकान पहुंचे तो ताले टूटे देख दंग रह गए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस थाना नादौन में दी।
पुलिस ने डीएसपी लालमन शर्मा की अगवाई में मौके पर पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी लालमन शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही चोरी के आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा। पुलिस ने दुकानदारों की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।