यातायात पुलिस हमीरपुर में तैनात एक होमगार्ड का रिश्वत लेते बनाया वीडियो वायरल हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जवान ड्यूटी से अनुपस्थित है। जिला मुख्यालय से लगते अणु में सीजेएम चेकिंग में होमगार्ड पर रिश्वत लेने के आरोप लगे हैं।
हालांकि, मामले की लिखित शिकायत नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वीरवार को अणु में सीजेएम ने वाहनों की चेकिंग को नाकाबंदी कर रखी थी।
इस दौरान एक होमगार्ड ने एक वाहन चालक से दस्तावेज न होने पर पैसे मांगे। वाहन चालक ने होमगार्ड जवान को पैसे तो दिए लेकिन किसी ने चुपके से इस घटना का वीडियो बना इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जवान को वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की भनक लगी तो वह शुक्रवार से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा है। पुलिस के पास मामले की कोई शिकायत नहीं है, बावजूद इसके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार ने कहा कि पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है लेकिन पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार से होमगार्ड जवान अनुपस्थित है।