जिला मुख्यालय के साथ लगते भारीं भलेड़ा पेयजल योजना के ओवर हैड टैंक लंबलू की वायरिंग में गड़बड़झाला हुआ है। ग्राम पंचायत प्रधान ओम प्रकाश ने आईपीएच विभाग की जेई पर पुरानी वायरिंग का नया बिल बनाकर एक ठेकेदार को पेमेंट करने का आरोप लगाया है।
ठेकेदार को करीब एक लाख 30 हजार रुपये की पेमेंट हुई है। पंचायत प्रधान ने मामले की शिकायत आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता और विजिलेंस ब्यूरो में की है। पंचायत प्रधान ओम प्रकाश ने सितंबर 2015 में मामले की शिकायत आईपीएच और विजिलेंस विभाग में की थी।
शिकायत के आधार पर 10 मार्च 2016 को विजिलेंस ब्यूरो ने ओवर हैड टैंक भारीं भलेड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आईपीएच विभाग के कर्मचारी भी मौजूद थे। प्रधान का आरोप है कि विजिलेंस ब्यूरो के औचक निरीक्षण के बाद जेई ने ठेकेदार से ओवर हैड टैंक की वायरिंग बदलवा दी।
वायरिंग के दौरान इसके प्वाइंट और लेंथ बढ़ा दी। हालांकि, मामले की शिकायत दोबारा ठेकेदार ने आईपीएच विभाग और विजिलेंस विभाग से की। शिकायत पर विजिलेंस ने दोबारा टैंक की वायरिंग जांची। इस दौरान विजिलेंस टीम ने 10 मार्च को हुई वायरिंग के साथ नई वायरिंग के प्वाइंट भी गिनती कर लिए।
उन्होंनें कहा कि दोनों निरीक्षण के दौरान वायरिंग प्वाइंट अलग हैं, लेकिन अब तक न तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई और न ही जेई के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां तक कि टैंक कर्मचारियों ने भी प्रधान के समक्ष विजिलेंस टीम के निरीक्षण के बाद वायरिंग बदलने के मौखिक बयान दिए। इसके बावजूद आईपीएच और विजिलेंस विजिलेंस ब्यूरो ठेकेदार और जेई के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे। प्रधान ने मामले की जल्द निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
प्रधान की शिकायत मेरे पास आई है। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंच कर कार्य का निरीक्षण किया है। मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
- बलबीर सिंह, एएसपी, विजिलेंस ब्यूरो, हमीरपुर
मेरे ऊपर लगाए आरोप निराधार हैं। विजिलेंस ब्यूरो मामले की जांच कर रहा है। हालांकि, मेरी ट्रांसफर हो गई है। ऐसे में इस मामले कोई टिप्पणी नहीं होगी।
- पूनम कुमार, तत्कालीन, जेई लंबलू