ग्राम पंचायत बलह के पंचायत घर से शातिर कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य जरूरी सामान पर हाथ साफ कर गए। शातिरों ने वीरवार रात इस वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह जब चौकीदार कार्यालय पहुंचा तो सारा सामान बिखरा पाया।
उन्होंने पंचायत प्रधान को मामले की सूचना दी। पंचायत प्रधान ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस थाना हमीरपुर को इस मामले की शिकायत दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना हमीरपुर से एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
पुलिस ने मामले को जल्द सुलझाने के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। पंचायत प्रधान रघुवीर सिंह और पंचायत सचिव अनिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह पंचायत चौकीदार जब कार्यालय पहुंचा तो उसने कार्यालय के ताले टूटे पाए।
कार्यालय के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। कंप्यूटर और प्रिंटर समेत पंचायत का रिकार्ड चोरी हो चुका था। पंचायत चौकीदार की सूचना के बाद पुलिस में मामले की जानकारी दी गई।
बताया जा रहा है कि पंचायत घर के आसपास आए दिन नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। पंचायत ने अपने स्तर पर भी नशे के खिलाफ मुहिम चला रखी है। अंदेशा जताया जा रहा है कि पंचायत की सख्ती से नशेड़ियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
एसएचओ हमीरपुर राजेंद्र कुमार रतन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। शीघ्र मामले को सुलझा लिया जाएगा।