मानसिक रूप से परेशान एक व्यक्ति ने पहले एक पिकअप को चोरी किया। चोरी की पिकअप को तेज गति से दौड़ाकर नाले में फेंक दिया। इसके बाद करीब दो सौ मीटर की दूरी पर एक और पिकअप चोरी कर ली। इससे आरोपी ने एक कार को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पिकअप मालिक ने आरोपी को दबोच लिया। बाद में ट्राला मालिक ने इसे पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार सुबह एक पिकअप पक्का भरो में खड़ी थी। इसे सड़क किनारे खड़ा कर चालक वहां से चला गया।
इस दौरान करनैल सिंह निवासी सोहरड़ गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद पिकअप चालक वापस आया तो गाड़ी गायब देख उसके होश उड़ गए। आरोपी करनैल सिंह पिकअप को लेकर हमीरपुर की तरफ भागा।
पक्का भरो से आगे करनैल सिंह ने गाड़ी लेकर बाईपास रोड की तरफ टर्न लिया। इस दौरान एक तीखे मोड़ पर करनैल सिंह ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और पैरापिट को तोड़ नाले में पलट दिया। हादसे के बाद करनैल सिंह बाहर निकलकर भाग गया।
करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक कबाड़ की दुकान पर पिकअप ट्राला अनलोड हो रहा था। पिकअप धक्का स्टार्ट था तो चालक ने इसे स्टार्ट ही रखा था। जैसे ही पिकअप चालक पानी पीने अंदर कमरे में गया तो पीछे से करनैल सिंह पिकअप को लेकर हमीरपुर की तरफ भाग गया।
जैसे ही पिकअप चालक ने गाड़ी को हमीरपुर की तरफ जाते देखा तो वह इसके पीछे दौड़ा। करीब 200 मीटर दूरी पर स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी के पास विपरीत दिशा से आ रही नई कार को करनैल सिंह ने ट्राला से टक्कर मार दी।
हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। पिकअप चालक ने गाड़ी चोरी कर भाग रहे आरोपी को दबोच लिया। इसकी सूचना कार मालिक और ट्राला मालिक ने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रत्न का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।