हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर की अवाहदेवी से दिल्ली जा रही एक बस पर शरारती तत्वों ने पथराव कर इसके शीशे तोड़ दिए। यह घटना रूट पर जा रही बस के साथ ऊना के नंगल के पास स्थित अजोली मोड़ के पास रविवार रात को पेश आई। इस संबंध में बस के चालक और परिचालक ने आरएम हमीरपुर को सूचना दी है।
अवाहदेवी से दिल्ली जा रही निगम की बस रात करीब नौ बजे नंगल के पास अजोली मोड़ पर पहुंची। इस दौरान बस में मौजूद अधिकतर सवारियां सोई हुई थी। इतने में अचानक शरारती तत्वों ने बस पर एकाएक पत्थर बरसा दिए। इस कारण बस के साइड वाले दो शीशे टूट गए। पत्थर बरसते देख सवारियां घबरा गईं। बस चालक बस को आगे ले गया। आगे जाकर उन्होंने इसकी सूचना आरएम हमीरपुर को दी। बस तो दिल्ली के लिए चली गई लेकिन, इस तरह की घटना होने से सवारियों में खौफ रहा। उधर, आरएम हमीरपुर अनूप राणा का कहना है कि नंगल के पास अजोली चौक पर बस के शीशे शरारती तत्वों के पथराव से टूटने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि उक्त स्थान पर पूर्व में भी निगम की तीन बसों पर पथराव हो चुका है। उन्होंने कहा कि बस के रूट से वापस आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।