बड़सर/बिझड़ी (हमीरपुर)। लावारिस बैल के हमले से घोड़ी धबीरी में एक और बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान 90 वर्षीय भक्ती देवी पत्नी पुन्नू राम निवासी गांव घोड़ी धबीरी, उपमंडल बड़सर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। महिला की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है।
क्षेत्र में लावारिस बैल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। बताया जा रहा है कि भक्ती देवी (90) बुधवार सुबह घर के पास लगे हैंडपंप से पानी लेने गई थी। इस दौरान वहां पहले से मौजूद बैल ने उस पर हमला कर दिया। बैल के हमले से भक्ति देवी बुरी तरह से घायल हो गई। परिजनों ने तुरंत वृद्ध महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल बरठी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इससे पहले भी क्षेत्र में लावारिस बैल कई लोगों को हमले का शिकार बना चुके हैं लेकिन, यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर भेज दिया है। डीएसपी जसवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि लावारिस बैलों की समस्या से उन्हें निजात दिलाई जाए। आए दिन ये बैल लोगों की जान के दुश्मन बने हुए हैं। कई लोगों को मौत के घाट उतार चुके हैं। इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।