हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के समीप कृष्णानगर वार्ड नंबर एक में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ट्रक से टकरा गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय संजीत कुमार निवासी मझोग, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है। यह हादसा मंगलवार दोपहर बाद पेश आया।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक संजीत कुमार मंगलवार सांय अपनी बाइक पर पक्का भरो से कृष्णानगर की तरफ जा रहा था। इस बीच उसने बाइक पर नियंत्रण खो दिया और हीरानगर से पक्का भरो की तरफ आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। सिर पर गहरी चोट लगने से बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पाया जा रहा है कि बाइक सवार की मौत तेज रफ्तारी के कारण हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।