हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर में रास्ता रोक कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। शिकायत पत्र मिलने के बाद सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 341, 323, 504, 506, 427 के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
अजय कुमार पुत्र बलदेव सिंह गांव भटेड़ तहसील टौणी देवी जिला हमीरपुर ने शिकायत में बताया है कि बीते 18 सितंबर को ऊहल के पास टैक्सी मालिकों की किराया बढ़ाने के लिए बैठक चल रही थी। इस दौरान रात करीब साढ़े सात बजे राजीव कुमार उर्फ मोनू पुत्र रघुवीर सिंह गांव ननोट वहां पर आया और कमलकांत को गाली गलौज और धमकियां देने लग पड़ा। उनके समझाने के बावजूद राजीव कुमार ने कमलकांत का रास्ता रोककर उससे मारपीट की और वहां पर खड़ी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। इस मारपीट से अंकुश कुमार और सुशील कुमार को चोटें आई हैं। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत पर तफ्तीश जारी है।