हमीरपुर। उपमंडल नादौन के गांव चिल्लियां में चोरों ने एक घर के ताले तोड़े गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य दूसरे कमरे में सोए थे। सुबह उठने पर देखा कि कमरे का दरवाजा खुला पड़ा है। परिवार के मुखिया सुरेंद्र कुमार ने कमरे के भीतर प्रवेश किया तो देखा कि अलमारियां और संदूक आदि खुले पड़े हैं। शातिर घर की अलमारी से महिलाओं की सोने की दो नथ, दो अंगुठियां और 15 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर गए थे। चोरी से गांव के लोग सहमे हुए हैं।
पीड़ित सुरेंद्र कुमार की पत्नी वीरवार को जिला मुख्यालय हमीरपुर पहुंची और डीएसपी हमीरपुर रेणू शर्मा से मुलाकात कर दुखड़ा सुनाया। महिला ने बताया कि मंगलवार की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोए हुए थे। बुधवार सुबह उठने पर दरवाजा खुला हुआ था। सामान चेक किया तो गहने और नकदी मौके से गायब थी। उधर, डीएसपी हमीरपुर रेणू शर्मा ने बताया कि नादौन उपमंडल के गांव चिल्लियां की रहने वाली महिला ने घर पर चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि एसएचओ नादौन को उचित कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं।