अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
जिला मुख्यालय से करीब दस किलोमीटर दूर धंगोटा गांव में पशुशाला जल गई। दोमंजिला पशुशाला में आग लगने के कारण करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। सड़क दूर होने के कारण दमकल वाहन घटना स्थल तक नहीं पहुंच सका। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से टुल्लू पंप लगाकर आग को बुझाया, लेकिन तक तक सब राख हो गया था।
बुधवार शाम धंगोटा गांव में कंगरी से बारात आई थी। बारात के आगमन पर खूब पटाखे चले। लोगों का कहना है कि पटाखों से निकली चिंगारी पशुशाला में रखे सूखे घास में जा गिरी। इस करण पशुशाला में आग भड़क गई। मवेशी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। पशुशाला से पशुओं को किसी तरह बाहर निकाला गया।
विज्ञापन
अग्निकांड से प्रभावित परिवार को दो लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। सड़क से एक किलोमीटर दूर हुई इस घटना के कारण अग्निशमन वाहन मौके पर नहीं पहुंच सके। हालांकि अग्निशमन कर्मचारी पैदल दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। यहां टुल्लूपंप लगाकर किसी तरह से आग को काबू किया गया। जब तक आग को बुझाया गया सब कुछ जलकर राख हो गया था। घास व इमारती लकड़ी आग की भेंट चढ़ गई है।