टौणी देवी (हमीरपुर)।
पुलिस चौकी टौणी देवी के ग्वारड़ू गांव की बीए सेकेंड ईयर की छात्रा की कुएं में मिली लाश मामले में जांच तेज हो गई है। रविवार को पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी हमीरपुर और जांच अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कुएं की दीवार पर उकेरे शब्दों की पुलिस अधिकारियों ने गहनता से जांच की।
पुलिस अधिकारियों ने युवती के पिता और बहनों से भी लंबी पूछताछ की। अधिकारियों ने युवती की कॉपियों, रजिस्टर और डायरी की भी जांच की। हालांकि युवती के परिजनों ने किसी भी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है। जिस कुएं में युवती का शव मिला है उस तरफ लोग कम ही जाते हैं। युवती वीरान जगह होने के बावजूद उस तरफ क्यों गई, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
ग्वारड़ू गांव की शालिनी (18) दो मार्च को होली वाले दिन खेत से लकड़ियां लाने गई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तीन मार्च को सुबह ही परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इतने में परिजनों को पता चला की उनकी बेटी की लाश गांव के कुएं में मिली है।
परिजन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कुएं की दीवार पर आई एम सॉरी शालिनी लिखा था। पुलिस ने हैंडराइटिंग के नमूने भी लिए हैं। इसके बाद पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती की मौत डूबने के कारण ही हुई है। बहरहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। हत्या है या आत्महत्या यह पूरी जांच होने के बाद ही पता लगेगा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा का कहना है कि रविवार को घटनास्थल पर स्वयं जाकर मामले की छानबीन की गई। इस दौरान युवती के परिजनों से पूछताछ की गई और उसकी कापियों, रजिस्टर और डायरी को भी खंगाला गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार डूबने के कारण ही युवती की मौत हुई है।