सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत स्थानीय वार्ड नंबर दो में स्थित एक घर के ताले तोड़कर चोर लाखों के गहने और कीमती सामान पर हाथ साफ कर गए हैं। परिवार के सदस्य प्रदेश से बाहर गए हुए हैं और घर कई दिनों से बंद पड़ा था। चोरी का पता तब चला जब उक्त घर के दामाद और बेटी मंगलवार को घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं और अलमारी तथा कमरों में सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। उधर, मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने घटना की जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ओम प्रकाश पुत्र स्वर्गीय हरी चंद ने पुलिस थाना सुजानपुर में शिकायत दर्ज करवाई है कि वार्ड नंबर-2 सुजानपुर के पास उनके ससुराल के मकान में चोरों ने सेंध लगाकर घर के भीतर रखे गहने और कीमती सामान चोरी कर लिया है। उन्होंने कहा कि घर कुछ दिनों से बंद था और परिवार के सदस्य प्रदेश से बाहर गए हुए हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर चोरी कर डाली। मंगलवार को जब वह और उनकी पत्नी घर में प्रवेश करने लगे तो उसी दौरान देखा कि मकान के बाहर दरवाजों पर लगे ताले टूटे हुए हैं और उसके पास तेज धार ब्लेड और लोहे के कुछ टुकड़े पड़े हुए थे। जब घर के भीतर देखा तो चोरों ने पूरा सामान बिखेर दिया था। गहनों की डिब्बियां खाली कर दी थीं। गहनों में सोने की अंगुठियां, झुमकों की जोड़ी, सोने की चेन, पाजेब सहित अन्य सामान शामिल है। इसके अलावा कुछ अन्य कीमती सामान भी गायब था। थाना प्रभारी सुजानपुर श्याम लाल ने कहा कि मकान में चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की है। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि कहीं भी बाहर जाते समय घर पर किसी न किसी को छोड़कर जाएं या कीमती सामान या गहने लॉकर में सेफ रखकर जाएं।
बाक्स....
पांच दिनों में जिले में हुई तीन बड़ी चोरियां
पांच दिनों में जिले में तीन बड़ी चोरी की घटनाएं हुई हैं। जिला मुख्यालय के साथ लगते कृष्णानगर में शातिरों ने दिनदहाड़े शिक्षक दंपती के घर डाका डालकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस अभी इसकी छानबीन ही कर रही है लेकिन, कोई पुख्ता सबूत हाथ नहीं लगे हैं। वहीं बीती शनिवार रात को भोटा के मोरसू गारला में चोरों ने किरायेदार को कमरे में बंद कर लाखों के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर लिया। इस घटना में छानबीन के दौरान पुलिस के हाथों महज गहनों की खाली डिब्बियां और कंबल ही लगे हैं। अब सुजानपुर में चोरी का तीसरा मामला पांच दिनों के भीतर ही दर्ज हो गया है। जिला में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है।