हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर और एसआईयू (स्पेशल इन्वेस्टीगेशन यूनिट) की टीम ने जिला मुख्यालय के साथ लगते हीरानगर में एक युवक को 1.26 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी युवक को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस थाना हमीरपुर और एसआईयू की टीम शनिवार शाम को हीरानगर में गश्त पर थी। इस दौरान अणु से पक्का भरो सड़क पर जा रही एक एसयूवी लग्जरी गाड़ी को शक के आधार पर तलाशी के लिए रोका। इस दौरान गाड़ी से 48 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान प्रणव ठाकुर (30) निवासी गांव बैरी डाकघर कोठुवा तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उससे कड़ी पूछताछ की। आरोपी को हमीरपुर स्थित उसके किराये के मकान में लेकर गई और पुलिस को कमरे के भीतर से 978 ग्राम अतिरिक्त चरस मिली। आरोपी युवक से कुल एक किलो 26 ग्राम चरस बरामद की गई। उक्त आरोपी जिला कांगड़ा के उपमंडल पालमपुर में डेंटिंग पेंटिंग की दुकान करता है और हीरानगर में किराये के कमरे में रहता है। इससे पूर्व आरोपी प्रतापनगर हमीरपुर में भी किराये के कमरे में रह चुका है। पुलिस ने सूचना के आधार पर शनिवार शाम को आरोपी से चरस की भारी खेप बरामद की है। आरोपी युवक का व्यवसाय कांगड़ा जिला में होना और रहने का अस्थायी ठिकाना हीरानगर हमीरपुर में होना, युवक का नशे के कारोबार में संलिप्तता को जाहिर कर रहा है। इस संबंध में एसएचओ सदर संजीव गौतम का कहना है कि हीरानगर मेें जिला मंडी के युवक से 1.26 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।