रंगस (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत पड़ती ग्राम पंचायत रंगस के गांव जोलसप्पड़ से पुलिस ने एक व्यक्ति की दुकान से 22 बोरियां सरकारी सीमेंट की बरामद की हैं। उक्त व्यक्ति के घर का काम चला हुआ था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर घर के काम में इस्तेमाल हो रहा सरकारी सीमेंट पकड़ा है। पुलिस ने व्यक्ति के घर के पास स्थित दुकान में चेकिंग के दौरान 22 बोरियां सरकारी सीमेंट की बरामद की हैं।
जोलसप्पड़ गांव के मनोज ने घर का काम लगाया हुआ है। पुलिस को किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस काम में सरकारी सीमेंट के प्रयोग की सूचना दी। शिकायत के बाद मंगलवार दोपहर को पुलिस ने उक्त व्यक्ति के घर दबिश देकर सरकारी सीमेंट का प्रयोग निजी कार्य में करते हुए पकड़ा और दुकान की तलाशी लेने के बाद वहां से 22 बोरियां सरकारी सीमेंट बरामद कीं। पुलिस ने मामला दर्जकर सीमेंट को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इससे पहले हमीरपुर के कुठेड़ा में भी हमीरपुर पुलिस ने सरकारी सीमेंट की एक बड़ी खेप बरामद की थी। एसएचओ नादौन महेंद्र परमार का कहना है कि पुलिस ने 22 बोरियां जब्त कर ली हैं। आरोपी व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस की ओर से मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है। उधर, पंचायत प्रधान उर्मिला देवी ने कहा कि पकड़ा गया सीमेंट पंचायत का नहीं है और न ही किसी प्रतिनिधि का इससे कोई संबंध है।