हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते कैहडरू गांव से पुलिस ने एक व्यक्ति को 11.94 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी व्यक्ति करीब दो माह पूर्व भी चिट्टे के कारोबार में हवालात जा चुका है।
सोमवार शाम को मुख्य आरक्षी सुनील कुमार की अगुवाई में पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस दौरान सूचना के आधार पर कैहडरू गांव के मुकेश कुमार उर्फ भरोसा की शक के आधार पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उक्त व्यक्ति से 11.94 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिले में चिट्टे के बढ़ रहे प्रभाव से युवा पीढ़ी नशे की गर्त की ओर जा रही है। इससे पूर्व सदर पुलिस ने करीब एक माह पहले अपनी मुहिम के तहत करीब साढ़े पांच सौ ग्राम स्मैक विभिन्न नशा माफिया से बरामद की है। इस संबंध में एसएचओ सदर संजीव गौतम का कहना है कि पुलिस ने कैहडरू गांव के मुकेश कुमार उर्फ भरोसा को 11.94 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है।