बाइक और कार हादसे में स्कूल प्रवक्ता गंभीर घायल
बड़सर में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्जकर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के समोह गांव के पास ऊना-भोटा सड़क पर बुधवार दोपहर हादसे में एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया है। जिसे बड़सर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। समोह के पास एक बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो जाने से बाइक सवार राकेश कुमार पुत्र बृजलाल गांव अंबोहा डाकघर रोपड़ी तहसील बड़सर जिला हमीरपुर गंभीर घायल हो गया।
बड़सर पुलिस ने तत्पर कार्रवाई करते हुए घायल को बड़सर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। हादसे में कार चालक विजय कुमार को भी चोटें लगी हैं। उसका भी बड़सर अस्पताल में इलाज चल रहा है। कार सवार विजय कुमार परिवार सहित हमीरपुर स्थित अपने घर जा रहा था। जबकि, बाइक सवार राकेश कुमार स्कूल में प्रवक्ता है और स्कूल से घर वापस जा रहा था। एसएचओ जगदीश चंद ने कहा कि बड़सर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।