भोरंज/जाहू(हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत पड़ते जाहू कस्बा में पुलिस ने एक ट्रक से 178 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब की बरामद की हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं सोलन जिले के परमिट पर यह शराब क्षेत्र में बेचने के उद्देश्य से लाई गई थी। वीरवार आधी रात को करीब सवा एक बजे एक ट्रक सुलगवान से जाहू की ओर जा रहा था। पुलिस ने नाके के दौरान जैसे ही ट्रक को रोका तो उसमें अवैध रूप से शराब भरी पाई। पुलिस की तलाशी के दौरान ट्रक से 178 पेटियां (2136 बोतलें) ग्रीन लेवल व डीएसपी की बरामद की है।
जांच के दौरान पाया गया है कि शराब का परमिट सोलन जिले का था, लेकिन क्षेत्र में शराब की सप्लाई करने के लिए यहां लाया गया था। अवैध रूप से शराब ले जाने के आरोप में पुलिस ने ट्रक चालक राकेश राठौर पुत्र पुष्पेंद्र सिंह निवासी गांव नारी डाकघर घाटी दिलमां, तहसील जसवां जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक के अंदर बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम नरेंद्र सिंह पुत्र नानक चंद तहसील अंब जिला ऊना बताया। ट्रक चालक से शराब के बारे में परमिट मांगा गया तो मुताबिक परमिट ट्रक में 600 पेटी शराब होनी चाहिए थी तथा गाड़ी का रूट संसारपुर टैरेस, देहरा, नादौन, हमीरपुर, बिलासपुर, भराड़ीघाट, कुनिहार सुबाथु सोलन निर्धारित किया गया था। गाड़ी का इस रूट से जाने का कोई औचित्य नहीं पाया गया। इस बाबत पुलिस ने आबकारी एवं कराधान विभाग के उच्च अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।
जाहू पुलिस चौकी प्रभारी परमजीत सिंह का कहना है कि नाके के दौरान अवैध रूप से शराब ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है। जिसमें 178 अंग्रेजी शराब की पेटियां पकड़ी गई हैं। उन्होंने बताया कि जब गाड़ी का परमिट देखा तो परमिट सोलन जिले का था। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है।