भोरंज(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र भोरंज के तहत पड़ते हणोह गांव के एक आईटीआई प्रशिक्षु ने फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने मामला दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर भेजा है। युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत हणोह का सन्नी कुमार (20) पुत्र कमलजीत निजी प्रशिक्षण संस्थान में आईटीआई करता था। उसके पिता भरेड़ी में दर्जी का काम करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। बुधवार शाम को सन्नी घर पर अकेला था। उसके माता-पिता भरेड़ी स्थित दुकान पर थे। देर शाम करीब साढ़े आठ बजे जब उसके माता-पिता दुकान से घर लौटे और घर का दरवाजा खोला तो उनका बेटा फंदे से लटका हुआ था। इस पर उन्होंने शोर मचाया और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। पड़ोसियों ने पुलिस थाना भोरंज में इसकी सूचना दी। रात करीब 11 बजे भोरंज पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और सन्नी के शव को कब्जे में लेकर सभी के बयान कलमबद्ध किए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल हमीरपुर भेजा गया है। सन्नी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उधर भोरंज थाना के कार्यकारी प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर धारा 174 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।