हमीरपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। मंगलवार को काफी समय बाद कोरोना मामलों ने दहाई का आंकड़ा पार किया है और 16 नए मामले सामने आए हैं। इससे अब स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित हो गया है। वहीं, कोरोना से बेखौफ होकर बिना मास्क घूमने वालों के लिए भी यह खतरे की घंटी है।
मंगलवार को आरटीपीसीआर जांच में 28 सैंपल जांचे गए। इनमें से नौ पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि रैपिड एंटीजन टेस्ट में 160 सैंपल जांचे गए। इनमें सात पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही जिला में कुल संक्रमित 23,427 हो गए हैं। जबकि कुल एक्टिव केस 27 हो गए हैं। कुल संक्रमितों में से 23,069 लोग ठीक हो चुके हैं और 330 ने अपनी जान गंवाई है। एक्टिव 26 मामलों में से एक डीसीएच हमीरपुर में उपचाराधीन है। जबकि शेष 26 गृह संगरोध में हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि मंगलवार को 16 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं।