निर्माण कार्य के लिए तीन करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट जारी
पूर्व में वीरभद्र सरकार के कार्यकाल के दौरान जारी किए थे 75 लाख
अब निर्माण कार्य के लिए जारी हुई अतिरिक्त राशि, शीघ्र पूरा होगा कार्य
दो मंजिला भवन में आठ दुकानों, दो पार्किंग और बहुउद्देशीय हॉल की होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर आठ में निर्माणाधीन टाउन हॉल का कार्य दिसंबर तक पूरा होगा। निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग सुजानपुर को तीन करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट जारी हो गया है। पूर्व में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान तत्काल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सुजानपुर में टाउन हॉल निर्माण कार्य को लेकर 75 लाख रुपये का बजट जारी किया था। लेकिन, सत्ता परिवर्तन होने के बाद निर्माण कार्य नहीं हो पाया था। वर्ष 2022 में पुन: कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आने से अब टाउन हॉल के निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ी है। वर्तमान में हॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण कार्य नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर आठ में चिल्ड्रन पार्क में करवाया जा रहा है।
दो मंजिला टाउन हॉल में आठ दुकानें, दो पार्किंग, बहुउद्देशीय हॉल, दो अतिथि कक्षों और रसोई घरों की सुविधा रहेगी। सुजानपुर के लोगों को टाउन हॉल में वाहनों को पार्क करने और आठ दुकानें किराये पर लेने और हॉल में सामाजिक समारोह आयोजन करने की सुविधा मिलेगी। वहीं, अतिथि कक्ष में लोगों के ठहरने की भी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में हॉल का निर्माण कार्य 40 फीसदी पूरा हो गया है। धरातल तल पर पिलरों के साथ लेंटर डालने का कार्य पूरा हो गया है। अब प्रथम मंजिल का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए तीन करोड़ की बजट राशि जारी हो गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य को पूरा करने के लिए दिसंबर तक का लक्ष्य रखा गया है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग सुजानपुर के एसडीओ अभिषेक ने कहा कि टाउन हॉल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण कार्य के लिए तीन करोड़ का अतिरिक्त बजट जारी हो गया है। दिसंबर माह तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।