हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर में स्ट्रीट फूड हब का निर्माण कागजों में उलझ गया है। शिलान्यास के छह माह बाद भी स्ट्रीट फूड हब के निर्माण के लिए जगह नहीं मिल पाई है। ऐसे में फूड हब का निर्माण कार्य अधर में लटका है। नगर निगम की ओर से पहले पक्का भरो और बाद में भोटा चौक पर स्थित शापिंग कांप्लेक्स पर निर्माण करवाने के लिए जगह चिह्नित की थी लेकिन दोनों ही स्थानों पर निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। पक्का भरो मेें स्ट्रीट फूड हब की जगह पार्किंग का संचालन किया जा रहा है जबकि भोटा चौक पर निर्माण कार्य को लेकर उपायुक्त की मंजूरी बाधा बनी हुई है। स्ट्रीट फूड हब का निर्माण कार्य कब शुरू होगा। इसको लेकर निगम निगम के अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। पक्का भरो में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर दौरे के दौरान 20 अक्तूबर 2024 को स्ट्रीट फूड हब के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी थी। शिलान्यास के बाद नगर निगम की ओर से पक्का भरो में स्ट्रीट फूड हब के लिए जगह कम बताते हुए पार्किंग खोल दी और स्ट्रीट फूड हब को शहर के मुख्य कस्बे में खोलने का निर्णय लिया गया ताकि शहरवासियों को नजदीक चाइनीज फूड की सुविधा मिल सके। शहरवासियों सुमित, राकेश, रोहित, बलदेव, अश्वनी, विनोद कतना, आशीष चौधरी ने कहा कि स्ट्रीट फूड हब का निर्माण कार्य छह माह से कागजी कार्रवाई में उलझा हुआ है। निर्माण कार्य को शुरू करवाने में नगर निगम की ओर से लगातार देरी की जा रही है। उन्होंने नगर निगम से निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की है।
स्ट्रीट फूड हब में चाइनीज खाने की एक साथ दो दर्जन से अधिक दुकानें खोली जाएंगी ताकि लोगों को एक ही स्थान पर चाइनीज खाने की सुविधा मिल सके। स्ट्रीट फूड हब की दुकानों को किराये पर आवंटित किया जाएगा। जिसमें दुकानदार कम दाम पर दुकानों को किराए पर ले सकेंगे।
भोटा चौक पर स्ट्रीट फूड हब के निर्माण कार्य के लिए जगह चिह्नित की गई है। निर्माण कार्य को लेकर प्रपोजल मंजूरी के लिए भेजी गई है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा ताकि स्ट्रीट फूड हब में दुकानों को स्थापित किया जा सके।
-राहुल चौहान, आयुक्त नगर निगम हमीरपुर