हमीरपुर। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर के पैथोलॉजी विभाग में 84.20 लाख से स्थापित हिस्टोपैथोलॉजी प्रयोगशाला का लोकार्पण किया।
उन्होंने बॉयो-केमिस्ट्री विभाग में 15 लाख से स्थापित ऑटोमेटिड बॉयो-केमिस्ट्री एनालाइजर का लोकार्पण भी किया। इस से एक घंटे में 360 फोटोमेट्रिक जांच और कोविड-19 मरीजों के बॉयो-केमिस्ट्री टेस्ट किए जा सकेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चिकित्सा महाविद्यालय के नेत्र विज्ञान विभाग में नेत्रदान केंद्र का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने कुपोषित बच्चों के उपचार और पुनर्वास के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चिकित्सा महाविद्यालय में पोषण पुनर्वास केंद्र का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने निष्पादन एजेंसियों को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को इस वर्ष अगस्त तक पूरा होनी चाहिए। अस्पताल में करीब 250 बिस्तर और सात ऑपरेशन थियेटर होंगे।
उन्होंने इस परियोजना के निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर की प्रधानाचार्य डॉ. सुमन यादव ने मुख्यमंत्री और गणमान्य लोगों का स्वागत किया। इस मौके पर विधायक कमलेश कुमारी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जंवाल, कौशल विकास निगम के राज्य संयोजक नवीन शर्मा, जिला परिषद की अध्यक्षा बबली देवी, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य संन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश कुमार बबली, भाजपा के मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, उपायुक्त देवश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना
हमीरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था विषय पर देश भर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में बजट प्रस्तुत करने के एक दिन बाद उन्होंने वर्चुअल माध्यम से यह संवाद किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने परिधि गृह हमीरपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।