Closure of Baba Balak Nath temple closed
बड़सर (हमीरपुर)। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के चलते बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के कपाट बंद हो गए हैं। प्रदेश सरकार की जारी एसओपी के तहत मंदिरों के मुख्य द्वारों को बंद किया गया है। दियोटसिद्ध मंदिर में अब सुबह और शाम पुजारी ही बाबा की आरती और पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर को सरकार के आगामी आदेशों तक बंद रखा जाएगा।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध उत्तर भारत का विख्यात मंदिर है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबाजी के दर्शनों के लिए आते हैं। करोड़ों रुपये का चढ़ावा श्रद्धालु मंदिर में चढ़ाते हैं। पिछले वर्ष मेलों के दौरान मंदिर महामारी के कारण बंद हो गया था, लेकिन इस वर्ष चैत्र माह के मेलों में मंदिर खुला रहने से श्रद्धालुओं ने करोड़ों रुपये का चढ़ावा मंदिर में चढ़ाया है। मंदिर बंद होने से दियोटसिद्ध बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा पसर गया है। उधर, मंदिर न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार ने बताया कि दियोटसिद्ध मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। सरकार के आदेश आने के बाद मंदिर को दर्शनों के लिए खोला जाएगा।