हमीरपुर के भोरंज क्षेत्र के खुराहल गांव में 17 वर्षीय छात्र का शव घर में मिला। घटना के समय वह घर पर अकेला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
भोरंज थाना क्षेत्र की धिरड़ पंचायत के खुराहल गांव में एक 17 वर्षीय किशोर का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक जमा दो कक्षा का छात्र था। घटना के समय वह घर पर अकेला था। वहीं, सूचना मिलने के बाद भोरंज पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को अपने अधिकार क्षेत्र में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है।
विज्ञापन
घटना के समय मृतक की माता घर के पास स्थित चैंथ खड्ड में कपड़े धोने गई हुई थीं, जबकि पिता सुबह से मजदूरी के लिए बाहर गए थे। किशोर घर पर अकेला था। शाम साढ़े पांच बजे के करीब जब उसकी माता घर लौटीं तो कमरे के अंदर बेटे को रस्सी के फंदे से लटका हुआ देखा। उन्होंने आसपास के लोगों को सूचित किया और किशोर को सिविल अस्पताल भोरंज पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भोरंज पुलिस अस्पताल पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
हालांकि, पहले परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया, लेकिन पुलिस ने उन्हें कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी, जिसके बाद वे इसके लिए तैयार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।