हमीरपुर। समय : सुबह 11 बजकर दस मिनट हुए हैं। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के लिए बच्चे कतार में बैठे हुए हैं। परीक्षा खत्म होने के बाद अब बच्चे वैक्सीन लगवाने के लिए उत्साहित हैं। हाथ में आधार कार्ड लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। अध्यापिका बच्चों को शांत बैठकर अपनी बारी का इंतजार करने को कह रही हैं। 11 बजकर 14 मिनट पर दो बच्चे वैक्सीन लगवाने के बाद बाहर आए और कतार के आगे बैठ गए, इस दौरान शेष बच्चे उनसे वैक्सीन लगवाते समय दर्द हो रहा है या नहीं, ये जानने के उत्सुक हैं। उधर, स्कूल प्रबंधन ने वैैक्सीन लगवाने आए बच्चों के लिए मिड-डे मील की एक सब्जी के बजाय धाम का प्रबंध किया है। इस बारे में बच्चों को बाकायदा पूर्व में ही बताया गया है।
11:35 हुए हैं और स्कूल के एक कर्मचारी को धाम बनाने के लिए लगाया गया है। इस दौरान बच्चों के लिए बदाने का मीठा, कड़ी और माह की दाल बतौर धाम पकाई जा रही है। 11 बजकर 35 मिनट हुए हैं और एक टैक्सी चालक अपने बेटे को वैक्सीन लगवाने के लिए अपनी टैक्सी को खड़ा कर वैक्सीन केंद्र अपनी पत्नी सहित पहुंचा है। हालांकि, पत्नी हल्की भय में है, लेकिन दोनों का कहना है कि वैक्सीन लगवाना जरूरी है। 11 बजकर 44 मिनट हुए हैं, बच्चे टीका लगाकर आए हैं और फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित हैं। विजयी चिन्ह बनाकर फोटो खिंचा रहे हैं।
डर नहीं वैक्सीन लगवाने के लिए उत्सुक हूं : ईशान
आठवीं के छात्र ईशान का कहना है कि जब बड़ों को वैक्सीन लग रही थी तो हम भी चाह रहे थे कि हमें भी वैक्सीन लगाकर सुरक्षित किया जाए। अब वह दिन आया है तो इसके लिए डर नहीं बल्कि उत्सुकता है।
माता-पिता ने वैक्सीन लगवाने के लिए किया प्रेरित : रोहित
आठवीं के रोहित ने कहा कि माता-पिता ने वैक्सीन लगवाने के लिए मना नहीं किया है। उन्होंने वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया है। मन में कोई भय नहीं है।
टीका लगवाने से नहीं कोई डर: अंकुश
छठी के अंकुश ने कहा कि हालांकि जब छोटे थे तो सुई लगवाने से डर लगता था, अब बड़े हो रहे हैं तो टीका लगवाने से कोई डर नही हैं। वैसे भी यह टीका कोरोना से हमारी रक्षा करेगा।
कतार में बैठकर अपनी बारी का किया इंतजार
आठवीं के प्रियांश का कहना है कि वैक्सीन लगवाने के लिए उत्साहित हैं। कतार में बैठकर सभी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और इस दौरान उत्साहित होकर वैक्सीन लगाने जा रहे हैं।
वैक्सीन लगने की है खुशी : सुमन
आठवीं के सुमन ने कहा कि किसी भी बात का डर मन में नहीं है। बल्कि खुशी है कि हमें भी वैक्सीन लग रही है। दूसरी डोज भी 28 दिन बाद लग जाएगी।
55 बच्चों को स्कूल में लगाई वैक्सीन : नीना
प्रधानाचार्य नीना ठाकुर ने कहा कि परीक्षाएं समाप्त होने के बाद बच्चे वैक्सीनेशन के लिए उत्साहित हैं। शनिवार को स्कूल में पात्र कुल 55 बच्चों को वैक्सीन लगी है। हालांकि, 12 से 14 आयु वर्ग के स्कूल में 121 बच्चे हैं, लेकिन इनमें से 55 पात्र हैं, जबकि कई निर्धारित तारीख को कम उम्र के हैं तो कइयों को 15 से 18 वर्ग में वैक्सीन लग चुकी है। वैक्सीन लगवाने आए बच्चों को स्कूल में धाम बनवाई गई थी। इसके लिए बच्चों को बाकायदा पहले बताया गया था। बच्चों व अभिभावकों में वैक्सीन को लेकर खासा उत्साह है।
बेटे को खुद वैक्सीन लगवाने आई हूं : सुमन
अभिभावक सुमन ने कहा कि उनका बेटा स्कूल में पढ़ता है। वह बेटे को वैक्सीन लगवाने के लिए लाई हैं। वह स्वयं भी बिना किसी डर से बच्चे को वैक्सीन लगवाने के लिए लाई हैं।
टैक्सी खड़ी कर पहुंचे बेटे को वैक्सीन लगवाने : विपन
टैक्सी चालक विपन कुमार टैक्सी चालक हैं और सवारियां मिलने की परवाह किए बगैर अपने बेटे को वैैक्सीन लगवाने के लिए अपनी पत्नी सहित स्कूल पहुंचे हैं। यहां कुछ देर बैठने के बाद जब बेटे का नंबर वैक्सीन के लिए पड़ा तो वैक्सीन लगाकर घर रवाना हुए।