प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में झंडा रस्म के साथ चैत्र माह मेले शुरू हो गए हैं। न्यास आयुक्त एवं उपायुक्त मदन चौहान ने मंदिर में हवन यज्ञ व विधिवत पूजा अर्चना के बाद परंपरागत झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की। झंडा रस्म के साथ ही चैत्र मेले का आगाज हो गया है। इस दौरान मंदिर महंत राजेंद्र गिरि महाराज ने भी झंडा रस्म में भाग लिया तथा पूजा अर्चना की।
पूरे चैत्र माह चलने वाले मेलों में पंजाब व अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु गुफा में शीश नवाने आते हैं। न्यास और प्रशासन ने मेलों की तैयारियों के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उपायुक्त मदन चौहान ने कहा कि चैत्र मेलों के सफल आयोजन के लिए सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
मेलों के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बैरियर से ऊपर जाने के लिए बीमार व बूढ़े श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त वाहन उपलब्ध रहेंगे। लगभग 260 पुलिस तथा होमगार्ड कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रहे।
मंदिर परिसर में निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर के ऊपरी बाजार तक गाड़ियां ले जाने में पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं को ट्रकों में न आने की हिदायतें भी दी गई है। इस अवसर पर एसडीएम बड़सर अक्षय सूद, डीएसपी बड़सर अशोक वर्मा, एसएचओ मुकेश कुमार, मंदिर अधिकारी ईश्वर दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और न्यासी मौजूद रहे।