बिझड़ी/बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत स्थानीय सरकारी अस्पताल के समीप पड़े एक लावारिस बैग से पुलिस ने 568 ग्राम चरस और 468 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने बैग और नशे की खेप को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस में मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
शनिवार शाम को बड़सर पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान सरकारी अस्पताल के समीप पुलिस को एक लावारिस बैग मिला। जब इसे खोलकर देखा तो उसमें से 568 ग्राम चरस और 468 ग्राम अफीम पाई गई। पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि करते हुए डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर ने बताया कि गश्त के दौरान बड़सर अस्पताल के समीप एक लावारिस बैग से चरस और अफीम बरामद हुई है। बैग को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। करीब एक माह पूर्व भी बड़सर-शाहतलाई सड़क के पास पुलिस को साढ़े पांच सौ ग्राम से ज्यादा चरस ऐसे ही एक लावारिस बैग में बरामद हुई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि बड़सर पुलिस की गश्त को देखकर किसी ने यह थैला नशे की खेप समेत ही सड़क किनारे फेंक दिया हो। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।