हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते हलाणा गांव की एक महिला के आत्महत्या मामले में उसके पिता ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। महिला के पिता सुभाष चंद ने सदर पुलिस में शिकायत कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। हलाणा गांव की दीपशिखा (23) बीएड की छात्रा थी।
तीन माह पहले ही उसकी शादी गलोड़ तहसील के एक युवक से हुई थी। वह स्थानीय परंपरा के अनुसार ससुराल से काला महीना काटने अपने मायके आई थी। सात सितंबर को उसने मायके में ही जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली।
अब महिला के पिता ने बेटी को प्रताड़ित करने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। एसएचओ सदर निर्मल सिंह ने कहा कि मृतका के पिता ने अपने दामाद, बेटी के सास-ससुर और जेठ-जेठानी के खिलाफ शिकायत दी है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।