जिलाभर के सिविल अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज में आपात सेवाएं रहेंगी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। दीपावली पर्व को लेकर जिलाभर के बाजारों में रौनक के साथ खूब भीड़ देखने को मिल रही है। कारोबार भी खूब चमका है। ऑटो सेक्टर, आभूषण कारोबार और धनतेरस पर बर्तनों की खरीद भी बुधवार को जारी रही।
एसडीएम हमीरपुर संजीत ठाकुर ने पटाखा स्टाल का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि एक व्यक्ति ने निर्धारित जगह पर पटाखा स्टाॅल नहीं लगाया था। एसडीएम ने उस व्यक्ति को स्टाॅल हटाने के निर्देश दिए। वहीं, निरीक्षण के दौरान दो व्यक्तियों ने स्टाॅल लगाने की अनुमति तो ली थी लेकिन पर्ची नहीं कटवाई थी। दोनों व्यक्तियों को एसडीएम कार्यालय बुलाया गया। यहां पर पर्ची काटी गई। जिलाधीश हमीरपुर अमरजीत सिंह ने कहा कि अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन में पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी। 31 अक्तूबर की रात को 8 से लेकर 10 बजे तक केवल ग्रीन पटाखे चलाने की ही अनुमति होगी। 125 डीबी से अधिक ध्वनि वाले पटाखों पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
वापसी पर मांग के मुताबिक चलेंगी अतिरिक्त बसें
हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए विशेष बसें भेजी हैं ताकि त्योहार मनाने के लिए आने वाले लोगों को घर आने में कोई दिक्कत न हो। एचआरटीसी प्रबंधन दीपावली के बाद यात्रियों को वापस भेजने के लिए भी मांग के आधार पर बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। वहीं, दिवाली पर 31 अक्तूबर को शाम 5:00 बजे के बाद स्थानीय बसें संचालित नहीं होंगी। शाम 5:00 बजे के बाद प्रस्थान करने वाली बस सेवाओं को इस प्रकार चलाया जाएगा कि अंतिम बस शाम पांच बजे प्रस्थान करे। वहीं, लंबी दूरी की अधिकतर बस सेवाओं को एक साथ जोड़ा जा सकता है। इन लंबे रूटों की सेवाओं को 31 अक्तूबर को इस तरह से चलाया जाएगा कि जनता को सुविधा मिल सके और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बसें खाली न चलें। दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार और शिमला के लिए कम से कम एक रात्रि सेवा उपलब्ध हो।
पटाखा स्टाॅल पर फायर गाड़ियां तैनात
दीपावली के लिए अग्निशमन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। अग्निशमन विभाग के कर्मियों की छुट्टियां रद्द हैं। हमीरपुर अग्निशमन केंद्र की ओर से ट्राला स्टैंड में लगे पटाखा स्टाल और नादौन में बड़ी गाड़ियां तैनात कर दी है। वहीं, फायर चौकियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। फायर कर्मी शिफ्टों में कार्य करेंगे।
108 एंबुलेंस पर आपात स्थिति में कर सकेंगे संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। दीपावली को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी कर ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इसके लिए सभी स्वास्थ्य खंडों के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। हर अस्पताल में एंबुलेंस की उपलब्धता हो, यह हर बीएमओ को सुनिश्चित करना है। जिला के सिविल अस्पताल भोरंज, सुजानपुर, टौणीदेवी, नादौन और बड़सर तथा मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में आपात सेवाएं जारी रहेंगी।
वहीं, आपातकाल में भी आने वाले मरीजों को इलाज मिल सके, इसके लिए भी चिकित्सकों व अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगा दी गई है। इसी तर्ज पर डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में भी दीपावली को लेकर तैयारी कर ली गई है। सबसे अधिक मामले पटाखों से जलने के अस्पताल में आते हैं। ऐसे में शल्य विभाग, नेत्र रोग विभाग, मेडिसिन आदि विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि पटाखों से बहुत अधिक नुकसान होता है। इससे आंख, कान, चमड़ी व दमा के रोगियों को नुकसान पहुंचता है। अस्पताल में सारे प्रबंध है। 108 एंबुलेंस पर कॉल कर लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।