हमीरपुर। समग्र शिक्षा के तहत जिलेभर के 310 प्राथमिक स्कूलों को 9.30 लाख रुपये का बजट जारी हुआ है। बजट राशि से स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए स्टेशनरी का सामान खरीदा जाएगा। ताकि वर्ष भर विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा सके। जिला प्रशिक्षण संस्थान ने जिले के छह शिक्षा खंडों में बजट राशि का आवंटन कर दिया है।
बजट राशि के तहत 310 स्कूलों को शिक्षा खंड के अनुसार तीन-तीन हजार रुपये जारी किए गए हैं। जिसे स्कूल शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई को रोचक बनाने, विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने के लिए प्रयोग करना होगा। जिसमें विशेषतौर पर विद्यार्थियों के लिए रंगीन विभिन्न कलाकृतियों की कार्यपुस्तिकाएं, पढ़ाई में सहायक खेल सामग्री, कॉपिया, चॉक, सभी प्रकार की स्टेशनरी वस्तुओं की खरीदारी शामिल रहेगी।
इस बारे में जिला प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य धर्मपाल चौधरी ने कहा कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत जिला के 310 प्राथमिक स्कूलों को 9.30 लाख रुपये का बजट जारी हुआ है। उन्होंने कहा कि खंड स्तर पर बजट राशि का आवंटन कर दिया गया है।
बाक्स:
खंडवार बजट का ब्यौरा-
शिक्षा खंड स्कूल बजट
भोरंज 67 2,01,000
बिझड़ी 64 1,92,000
गलोड़ 37 1,11,000
हमीरपुर 61 1,83,000
नादौन 41 1,23,000
सुजानपुर 40 1,20,000