हमीरपुर। बड़सर पुलिस ने रविवार रात नशे के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों से तीन लोगों को चिट्टा और चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जांच को आगे बढ़ा रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम नाकाबंदी व यातायात चैकिंग के दौरान जोल की तरफ से आ रहे एक व्यक्ति गिरफ्तार किया गया। आरोपी व्यक्ति की ओर से मौके पर फेंके गए लिफाफे से 124 ग्राम चरस बराम हुई। आरोपी की पहचान सागर कुमार उर्फ अंकुश गांव अरलोह, डाकघर कनोह, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर के तौर पर हुई है। उधर, एक अन्य मामले में बड़सर से दलेहडा लिंक रोड़ पर नेरी में चानो मंदिर के समीप एक युवक को पुलिस ने काबू किया। युवक द्वारा फेंके गए लैदर पर्स से 3 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रोहित कुमार गांव टिक्कर राजपूतां, डाकघर बुंबलू, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर बताया।
एक अन्य मामले में बड़सर पुलिस रविवार आधी रात 12.40 बजे समोह के नजदीक गश्त पर थी। इसी दौरान जोल की तरफ से पैदल आ रहे युवक को शक के आधार पर पकड़ा गया। युवक की निशादेही पर 29 ग्राम चरस बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम जीवन प्रकाश गांव व डाकघर कनोह, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर बताया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अशोक कुमार वर्मा ने इन मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि बड़सर पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में चिट्टा और चरस बरामद कर तीन आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है।