हमीरपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर जिले भर के शिवालयों में शनिवार को बम-बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। हमीरपुर नगर परिषद क्षेत्र के शिव मंदिर कमेटी ने भव्य झांकी निकाली। इस दौरान बाहरी राज्यों से आए कलाकारों ने शहर में भगवान शिव की लीलाओं का वर्णन करते हुए नृत्य किया। शिव मंदिर हमीरपुर के अलावा गसोता महादेव मंदिर में भी दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई तरह के प्रबंध किए गए थे। सुबह चार बजे ही मंदिर के मुख्य गेट को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया था। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बिल्वपत्र, दूध और पानी चढ़ाया। मंदिर को समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा और विधायक आशीष ने बाहरी राज्यों से मंगवाए फूलों से सजाया था।
गसोता के समीप चमनेड़ स्थित बिल्केश्वर महादेव मंदिर में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विशेष आयोजन किया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के परिसर में स्थित हमीरेश्वर महादेव मंदिर और अणु स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने दिनभर पूजा-अर्चना की। शनिवार को रातभर मंदिरों में भजन-कीर्तन चलता रहा। रविवार को गसोता महादेव मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भंडारे की व्यवस्था की गई है।
स्वामी देवानंद कुटिया एवं प्राचीन शिव मंदिर कोहाल में लगाया भंडारा
रंगस (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत बलडुहक के गांव कोहाल मे बरसों पुरानी स्वामी देवानंद कुटिया एवं प्राचीन शिव मंदिर के प्रांगण में स्वामी देवानंद जी की 43वीं पुण्य तिथि एवं महाशिवरात्रि के उपलक्ष में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कुटिया के संचालक स्वामी सत्य देव ने कहा कि यह स्थान स्वामी देवानंद जी की तपोभूमि है। क्योंकि इस जगह पर स्वामी जी ने निरंतर 40 वर्षों तक तपस्या की थी और इस भूमि को अपनी कर्म भूमि और तपोभूमि बनाया था। शिवरात्रि के उपलक्ष में उपवास रखने वाले सभी भक्तजनों के लिए फल आदि भी वितरित करके शिवरात्रि के महापर्व को हर्षोल्लास से मनाया गया। महाशिवरात्रि के उपलक्ष में शिव शक्ति मंदिर हारमा से शिव भोले शंकर की शोभा यात्रा निकाली। इस भव्य शोभायात्रा शिव शक्ति मंदिर हारमा से वलियाह, खजीयां,गारली, हरसोर बरौली बड़सर मैहरे बाजार से होती हुई फिर वापस शिव शक्ति मंदिर हारमा में वापस पहुंची। शिव मंदिर की प्रबंधक कमेटी के संगठन मंत्री राकेश शर्मा व रतन चंद शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष में 19 फरवरी को विशाल भंडारे का आयोजन मंदिर परिसर किया जाएगा।
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के पत्तन बाजार स्थित ऐतिहासिक लंबलेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को महाशिवरात्रि का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रही। इससे पूर्व मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई तथा जलाभिषेक भी किया गया। पूजारी आशुतोष शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी यह पर्व धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने बताया कि अगामी 26 फरवरी को हर वर्ष की तरह मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस मंदिर में लोगों की गहरी आस्था है और यहां स्थित शिविलंग की ऊंचाई करीब साढ़े 4 फीट है। उन्होंने बताया कि लोगों की आस्था है कि हर महाशिवरात्रि को शिविलंग की ऊंचाई बढ़ती है। वहीं, दूसरी ओर बेला पंचायत के वार्ड नंबर-5 में कटोच वंश महलों के पास भगवान महेश महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर गांव की महिलाओं ने मंदिर में भजन कीर्तन किया।