सशस्त्र सेना झंडा दिवस के उपलक्ष्य साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना करतीं पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृत?
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मंगलवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने एसपी डॉ. आकृति शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी जितेंद्र सांजटा और जिला मुख्यालय के अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों को सशस्त्र सेनाओं का झंडा लगाया।
इसके बाद इन अधिकारियों और कर्मचारियों से वीर सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए अंशदान भी एकत्रित किया गया। उपनिदेशक ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस थल सेना, वायु सेना और नौ सेना के उन वीर सैनिकों को समर्पित है जो मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए या विकलांग हो गए। वीर सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए ही हर वर्ष सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है।
इस दिन लोगों को झंडा भेंट करके उनसे धनराशि एकत्रित की जाती है। यह धनराशि शहीद सैनिकों के परिजनों और विकलांग सैनिकों की सहायता के लिए खर्च की जाती है। इस अवसर पर एसपी ने 1971 के युद्ध की जीत के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर हमीरपुर पहुंची साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।