5 अक्तूबर को सुबह 10 बजे सीडीपीओ कार्यालय बिझड़ी में लिए जाएंगे साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाल विकास परियोजना बिझड़ी के अंतर्गत 27 आंगनबाड़ी केंद्रों में खाली पड़े 27 पदों को भरने के लिए पात्र महिलाओं से 30 सितंबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय बिझड़ी में सादे कागज पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 6 और सहायिका के 21 पद शामिल हैं।
सीडीपीओ कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र करमाकड़, आंगनबाड़ी केंद्र महारल, बढ़नी, मंझेड़, दलचेहड़ा और वुढ़ान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्र पलेहड़ा, लोहारड़ा, उसनाड़ कलां, जमली-2, समैला मोड़, सरयाणा, जजरी, कड़साई-1, पपलोहल, कसवाड़, वघेड़, कोटलू, मतकर, नेरी, टंगोल, नेरी-1, मथोल, घंघोट कलां, सूदर, हारमा और आंगनबाड़ी केंद्र सोहारी-1 में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा। आवेदक महिला की आयु 18 से 35 वर्ष तक और शैक्षणिक योग्यता कम से कम बारहवीं पास होनी चाहिए तथा उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए।
अभ्यर्थी के परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो तथा उसका आय प्रमाण पत्र कार्यकारी दंडाधिकारी की ओर से जारी किया गया हो। अगर कोई आंगनबाड़ी सहायिका कार्यकर्ता के पद के लिए आवेदन करती है तो उसके परिवार की वार्षिक आय की गणना में उसके मानदेय को शामिल करने से छूट मिलेगी।
इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर अपना आवेदन अपने पूर्ण विवरण एवं सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों की छाया प्रतियां संलग्न करके 30 सितंबर को शाम 5 बजे तक सीडीपीओ कार्यालय बिझड़ी में जमा करवा सकती हैं। उम्मीदवारों के साक्षात्कार 5 अक्तूबर को सुबह 10 बजे सीडीपीओ कार्यालय बिझड़ी में आरंभ होंगे। आवेदकों को साक्षात्कार के लिए अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। साक्षात्कार में स्नातक उम्मीदवार को 2 और स्नातकोत्तर या इससे अधिक योग्यता के लिए एक अतिरिक्त अंक मिलेगा। नियुक्ति के संबंध में असहमति की स्थिति में अभ्यर्थी 45 दिन के भीतर उपायुक्त हमीरपुर के न्यायालय में अपील कर सकती हैं जो प्रथम एवं एकमात्र अपीलीय अधिकारी होंगे।