संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर 5 से 9 अक्तूबर 2026 तक अरुशा, तंजानिया में आयोजित होने वाले 153वें इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (आईपीयू) सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व वाले उच्चस्तरीय भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सदस्यों में शामिल अनुराग सिंह ठाकुर सम्मेलन में भारत का दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रस्तुत करेंगे।
इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय समावेशिता, विश्वास और सभी के लिए अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देना और समुदायों को सशक्त बनाना है। सम्मेलन में वैश्विक शांति, विकास, लोकतंत्र और मानवाधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
अनुराग सिंह ठाकुर स्टैंडिंग कमेटी ऑन ह्यूमन राइट्स ऑफ पार्लियामेंटेरियन्स के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। ऐसे में मानवाधिकार, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर उनकी भागीदारी रहेगी।
सम्मेलन में उनकी सहभागिता भारत की संसदीय कूटनीति को मजबूत करने और वैश्विक मंच पर राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से रखने का अवसर प्रदान करेगी।