एक सप्ताह तक काले बिल्ले लगाकर काम करेंगे प्राध्यापक
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेश महाविद्यालय प्राध्यापक संघ हमीरपुर इकाई ने सोमवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में लंबित डीपीसी और कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर गेट मीटिंग की। संघ के प्रदेश महासचिव डॉ. संजय कानगो ने कहा कि कॉलेज प्राध्यापकों की डीपीसी लंबे समय से लंबित है।
वर्ष 2009 में नियुक्त कई प्राध्यापक अब भी एक ही वेतनमान में कार्यरत हैं, जबकि वर्ष 2022 से सीएएस की अधिसूचना जारी न होने से पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के सरकारी महाविद्यालयों के प्राध्यापक एक सप्ताह तक काले बिल्ले लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रदेश महाविद्यालय प्राध्यापक संघ ने मांगों को लेकर गेट मीटिंग की और अब एक सप्ताह तक हिमाचल प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों के प्राध्यापक अपनी मांगों को लेकर काले बिल्ले लगाकर कार्य करेंगे। गेट मीटिंग में प्रदेश महासचिव डॉ. संजय कानगो के साथ हमीरपुर इकाई के महासचिव डॉ. प्रशांत शर्मा, संयुक्त सचिव डॉ. कल्पना भंडारी, कोषाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार सहित सभी प्राध्यापकों ने भाग लिया।