तकनीकी विवि परिसर में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एबीवीपी के कार्यकर्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद तकनीकी विश्वविद्यालय इकाई ने समस्याओं को लेकर सोमवार को तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इकाई अध्यक्ष अक्षय राणा और सचिव साक्षी चंदेल ने कहा कि 15 दिन पहले विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विवि के कुलपति को ज्ञापन सौंपा था उसमें कुछ मांगें रखी गई थीं। विश्वविद्यालय के कुलपति का कहना था कि यह सारी मांगें छह दिन के अंदर पूरी हो जाएंगी लेकिन हैरानी की बात है एक भी मांग पूरी नहीं हुई है। मुख्य मांगों में भारी भरकम फीस वृद्धि को कम करना, पूरे कैंपस को वाईफाई सुविधा से जोड़ना, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, गर्ल्स कॉमन रूम का जल्द निर्माण, विद्यार्थियों के लिए दडूही कैंपस से हमीरपुर बस स्टैंड के लिए नियमित यातायात सुविधा उपलब्ध करवाना आदि शामिल हैं।
इकाई अध्यक्ष अक्षय राणा ने कहा कि अच्छी कैंपस प्लेसमेंट की उम्मीद में तकनीकी विश्वविद्यालय में प्रदेशभर से विद्यार्थी दाखिला लेते हैं। हैरानी की बात है कि प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट सेल नाम का एक फटा लगाकर रख दिया है जबकि सुविधाएं शून्य हैं। तकनीकी विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों से भारी भरकम फीस वसूलने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। इसी कारण हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में सीटें खाली रह जाती हैं। अगर समस्या का शीघ्र समाधान न हुआ तो संघर्ष तेज किया जाएगा।