बिझड़ी में आयोजित नारी को नमन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर को फूल?
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। बड़सर भाजपा अपनी राजनीतिक कार्यक्रमों के चलते कांग्रेस पर अक्रामक होने लगी है। बड़सर ब्लॉक कांग्रेस ने सात अक्तूबर को बिझड़ी में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया था। इसी कड़ी में अब तीन दिन बाद कांग्रेस के कार्यक्रम के जवाब में भाजपा ने नारी को नमन कार्यक्रम का आयोजन कर चुनाव प्रचार को धार देने का काम शुरू कर दिया है। सोमवार को बिझड़ी के ताल स्टेडियम में भाजपा की ओर से नारी को नमन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार के दो मंत्री विशेष तौर पर मौजूद रहे। जिला भाजपा ने अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ जुटाकर अपनी सियासी पकड़ का एहसास करवाया।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए दोनों केंद्रीय मंत्रियों स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर ने पूर्व विधायक बलदेव शर्मा के पक्ष में सियासी माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ने मंच से यह तक कह दिया कि 2017 का चुनाव बलदेव शर्मा साढ़े चार सौ मतों के मामूली अंतर से हारे थे, लेकिन इस बार गड़बड़ी न हो, सभी महिलाएं यह प्रतिज्ञा लें। स्मृति ईरानी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री डबल इंजन की सरकार रिपीट होने की बात कर रहे हैं लेकिन इस बार बड़सर से तीसरा इंजन भी जुड़ना चाहिए ताकि बड़सर विस क्षेत्र में विकास की कोई कमी न रहे। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और महिला मोर्चा की टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस बार मातृ शक्ति को बूथ में जाकर एक-एक वोट भाजपा के पक्ष में दिलाना होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने रोजगार के मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस 5 लाख रोजगार देने की बात कर रही है, लेकिन कांग्रेस अपने पिछले घोषणा पत्र में बल बिहाल में इंडस्ट्रियल एरिया में एक उद्योग तक स्थापित नहीं करवा पाई। न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिल पाया। विस क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम, बिझड़ी में आईटीआई और केंद्रीय विद्यालय खुलने से कांग्रेस नेताओं को बौखलाहट होने लगी है। महिला सम्मलेन के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा तथा महिला मोर्चा की टीम को बधाई दी। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद, उपाध्यक्ष बंदना गुलेरिया, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बंदना योग, जिला अध्यक्ष राजकुमारी ठाकुर, मंडल अध्यक्ष लीला देवी समेत सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।