मुरली मनोहर मंदिर में पूजा करने के बाद एक दूसरे को लगाया गुलाल
सुजानपुर शहर के लोग आज धूमधाम से मनाएंगे होली का पर्व
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में स्थित मुरली मनोहर मंदिर में रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व का आनंद उठाया। राष्ट्र स्तरीय होली मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम सुजानपुर डॉ. रोहित शर्मा सहित तमाम अधिकारियों के साथ गले मिलकर होली मनाई और एक दूसरे को गुलाल लगाया। रंगों का यह पर्व हर किसी के जीवन में खुशियां और उमंग लेकर आए, ऐसी मंगल कामना की।
इससे पहले मेला अधिकारी ने अपनी टीम के साथ सुजानपुर के ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना में भाग लिया। राधाकृष्ण की मूर्तियों पर गुलाल लगाने के बाद लोगों के साथ होली मनाई। अपने संदेश में अधिकारी ने कहा कि उन्होंने रविवार को अपने लोगों के साथ होली मनाई है। इस मौके पर नगर परिषद अधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार प्रवीण ठाकुर, खंड विकास अधिकारी राजेश्वर भाटिया सहित तमाम विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उधर, सुजानपुर शहर के लोगों ने सोमवार को होली मनाने का फैसला लिया है। इस दौरान सभी लोग एकजुट होकर होली मनाएंगे और एक दूसरे को रंग लगाएंगे। इस त्योहार की सबको बधाई एवं शुभकामनाएं देंगे। दुकानदार अपनी इच्छा अनुसार दुकानें बंद रख सकते हैं।