एक रैंक, एक पेंशन की विसंगतियों को दूर न करने पर आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एक्ससर्विसमैन हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिकों ने लूहना (बड़ोह के पास) पूर्व सैनिक डिफेंस अकादमी में भारत के क्रांतिकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही वन रैंक, वन पेंशन पर भी गहन चर्चा की गई। बैठक का आयोजन पूर्व सैनिक डिफेंस अकादमी के प्रबंधक पवन डोगरा तथा कैप्टन कर्म सिंह धीमान ने किया। शुरुआत राष्ट्रीय गान और शहीदों को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि देते हुए की गई तथा उनको पुष्प अर्पित किए गए। वक्ताओं ने इसके बाद पूर्व सैनिकों की लंबित मांग एक रैंक, एक पेंशन में आई विसंगतियों पर केंद्र सरकार को घेरा। पिछले एक वर्ष से पूर्व सैनिक धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनको केंद्र सरकार अनदेखा कर रही है। इसके साथ ही वक्ताओं ने यह भी बताया कि इस संगठन ने हिमाचल प्रदेश के पूरे सांसदों को ज्ञापन दिए थे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद और केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर को पांच बार ज्ञापन देने के बावजूद उनकी तरफ से कोई भी सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इसका पूरे प्रदेश के पूर्व सैनिकों में आक्रोश है।
सभा की अध्यक्षता संयुक्त मोर्चा ऑफ एक्ससर्विस मैन हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन जगदीश वर्मा ने की। उन्होंने बताया कि सरकार उनकी मांगों को जानबूझकर अनदेखा कर रही है। अगर सरकार इसी तरह का रवैया अपनाकर रखेगी तो उसके परिणाम ठीक नहीं होंगे। इस दौरान मुख्य रूप से यूनाइटेड फ्रंट के महासचिव लेफ्टिनेंट रमेश तपवाल, जिला कांगड़ा के संरक्षक कैप्टन केएस धीमान, कैप्टन राजेंद्र कटोच, सूबेदार मेजर परशुराम, हवलदार पवन डोगरा, उपाध्यक्ष कैप्टन सुरेंद्र सिंह, सूबेदार सीएल पठानिया, कैप्टन सुरेंद्र जंवाल, सिपाही दलजीत सिंह, लेफ्टिनेंट (इंडियन नेवी) एसपी शर्मा, कैप्टन शक्ति चंद, कैप्टन बालक राम शर्मा, रूपलाल, प्रेमी देवी, मीरा देवी, कमला देवी एवं अनेक वेटरन और वीर नारियां मौजूद रहीं।