आयुष अस्पताल हमीरपुर के दवाइयों के स्टोर रूम में लगे बिस्तर।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। आयुष अस्पताल हमीरपुर में आईपीडी की समस्या से कुछ हद तक निपटने के लिए विभाग ने दवाइयों के स्टोर रूम में पांच बिस्तर लगाकर अतिरिक्त व्यवस्था की है। अस्पताल की ऊपरी दो मंजिल डीसीएचसी के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अधीन होने के चलते महज निचली दो मंजिल में ही आयुष अस्पताल चल रहा है। ऐसे में एक तल पर ओपीडी, लैब और दवाइयों का मेडिकल स्टोर जबकि दूसरे तल पर पंचकर्मा कक्ष, आईपीडी व एमएस कार्यालय चल रहा है। इस एक कक्ष पर महज दस बिस्तरों की सुविधा है।
आजकल पंचकर्मा का सीजन चला होने के चलते यह दस बिस्तर अधिकतर समय फुल रह रहे हैं, जबकि पंचकर्मा के लिए कई मरीजों को रोजाना घर से आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं, कई मरीजों को दाखिल करने की बजाय चिकित्सक उपचार देकर घर भेज रहे हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन और आयुष विभाग ने दवाइयों के स्टोर रूम में पांच बिस्तरों की व्यवस्था कर मरीजों को कुछ हद तक राहत दी है।
इससे पूर्व आयुष अस्पताल में तीस बिस्तर की आईपीडी की सुविधा मिलती थी, जो अब कोविड काल में आधा भवन मेडिकल कॉलेज के अधीन होने के चलते 15 बिस्तर की आईपीडी रह गई है। आयुष अस्पताल हमीरपुर के एमएस डॉ. गगनदीप ने कहा कि स्टोर रूम में पांच बिस्तर लगाए गए हैं, ताकि मरीजों को दिक्कत न हो। अस्पताल में मरीजों को बेहतरीन सुविधा दी जा रही है।