सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में एक निजी कार और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। कार में सवार लोगों को हल्की चोटें आई है। जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।
बता दें कि हमीरपुर रोड पर नोहली पुल पर दिल्ली जा रही वोल्वो बस और सुजानपुर की तरफ आ रही एक कार के बीच मंगलवार सुबह करीब नौ बजे आमने सामने टक्कर हो गई। जिससे कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। इस हादसे में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं दुर्घटना के बाद वोल्वो बस भी अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों का समझौता करवा दिया है। एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि पालमपुर-दिल्ली वोल्वो बस जैसे ही सुजानपुर बस स्टैंड से निर्धारित समय पर निकली तो करीब 2 किलोमीटर आगे जाकर पेट्रोल पंप के पास हमीरपुर की तरफ से आ रही एक कार से टक्कर हो गई। गाड़ी में सवार शिक्षक बताए जा रहे हैं, उन्हें मामूली चोटें आई। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल सुजानपुर में करवाया गया। थाना प्रभारी सुजानपुर सुभाष शास्त्री ने बताया कि दोनों पक्षों का आपस में समझौता हो गया है। जिसके चलते पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं है।