ताल (हमीरपुर)। सड़क के बीचोंबीच गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई बजरी और बारिश होते ही जमा पानी। यह तस्वीर ताल-टिक्कर संपर्क सड़क की है, जिसकी करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क की हालत पिछले कई वर्षों से खराब है।
ग्रामीणों के अनुसार, पांच साल से सड़क की ढंग से मरम्मत नहीं हो पाई है। लोक निर्माण विभाग पैचवर्क के सहारे सड़क को चलने लायक बनाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कुछ समय बाद ही गड्ढे दोबारा उभर आते हैं।
वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह बजरी बिखरी हुई है और बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। यह मार्ग ताल, चौकी, कनकरी और मसेरडू सहित आसपास की करीब दो दर्जन पंचायतों के ग्रामीणों की आवाजाही का प्रमुख साधन है।
रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क से बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए आते-जाते हैं। सड़क की खस्ताहालत के कारण छोटे वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से सड़क के गड्ढों को कई बार मिट्टी डालकर भर दिया जाता है, लेकिन बारिश होते ही मिट्टी बह जाती है और सड़क फिर पहले जैसी हो जाती है। जगह-जगह उखड़ी बजरी और गड्ढों के कारण रोजाना सफर करने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत करवाकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
कोट्स
सड़क की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। गड्ढों को भरने के साथ आवश्यक मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा। बरसात के कारण सड़क को हुए नुकसान का भी जायजा लिया जाएगा।
-साहिल शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, लंबलू
-
सड़क के बीचोंबीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर इनमें पानी भर जाता है। छोटे वाहन निकालना भी मुश्किल हो जाता है। विभाग को जल्द मरम्मत करवानी चाहिए।
-रणवीर सिंह, निवासी अमनेड़
गड्ढों को मिट्टी डालकर भर दिया जाता है, लेकिन एक बारिश के बाद मिट्टी बह जाती है। अस्थायी समाधान के बजाय सड़क की पक्की मरम्मत होनी चाहिए।
-अश्वनी कुमार, निवासी ताल
ताल, चौकी, कनकरी और मसेरडू सहित आसपास के कई गांवों के लोग इसी सड़क से आते-जाते हैं। खराब सड़क के कारण रोजाना परेशानी होती है। बारिश में हादसे का खतरा रहता है।
-जगदीप चंद, निवासी ककोण
पांच साल पहले सड़क की मरम्मत हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे सड़क खराब होती गई। अब गड्ढे इतने बड़े हो गए हैं कि दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।
-अजय कुमार, उपप्रधान ग्राम पंचायत ताल
ताल से टिक्कर सड़क पर उखड़ा पैचवर्क। संवाद
ताल से टिक्कर सड़क पर उखड़ा पैचवर्क। संवाद
ताल से टिक्कर सड़क पर उखड़ा पैचवर्क। संवाद
ताल से टिक्कर सड़क पर उखड़ा पैचवर्क। संवाद
ताल से टिक्कर सड़क पर उखड़ा पैचवर्क। संवाद