रंगस (हमीरपुर)। निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज जोलसप्पड़ में एक करोड़ 75 लाख 85 हजार रुपये की लागत से दो मंजिला पुलिस चौकी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर आवंटित कर दिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
पुलिस चौकी के लिए मेडिकल कॉलेज के समीप शवगृह और कार पार्किंग के बीच भूमि चिह्नित की गई है। भवन निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
प्रस्तावित भवन के प्रथम तल पर एएसआई कक्ष, हेड कांस्टेबल कक्ष, पुरुषों के लिए चार बैरक, महिलाओं के लिए चार बैरक, रसोईघर, भोजन कक्ष और पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे।
वहीं, दूसरे तल पर एमएचसी कार्यालय, जांच अधिकारी कक्ष, रिकॉर्ड रूम, पुरुष और महिला लॉकअप सहित अन्य आवश्यक कक्षों का निर्माण किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में पुलिस चौकी स्थापित होने से क्षेत्र की पांच से छह पंचायतों के लोगों के अलावा अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी सुविधा मिलेगी। अस्पताल में उपचार के दौरान होने वाली घटनाओं, रेफर मामलों और मेडिको लीगल केस (एमएलसी) से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने में पुलिस चौकी अहम भूमिका निभाएगी।
फिलहाल हमीरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में अस्थायी पुलिस चौकी संचालित की जा रही है। संवाद
कोट
जोलसप्पड़ में नया भवन तैयार होने के बाद पुलिस चौकी को वहां स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
-शिवम कुलश्रेष्ठ, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग