बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की बाड़ा से डंगार सड़क पर शुदर गांव के समीप शुक्कर खड्ड पर 6.67 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनेगा। पुल बनने से उपमंडल बड़सर की आधा दर्जन पंचायतों समेत जिला बिलासपुर के दर्जनों गांवों के लोगों को लाभ होगा। इस क्षेत्र के लोगों को बिलासपुर, शिमला जाने के लिए 15 किलोमीटर का सफर कम होगा। पुल का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सरकार ने एक करोड़ की राशि की पहली किस्त लोक निर्माण विभाग बड़सर को भेज दी है। लोक निर्माण विभाग अब शीघ्र ही पुल के निर्माण कार्य के लिए दस्तावेज संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने में जुट गया है।
बड़सर विधानसभा क्षेत्र की चार पंचायतों के अलावा बिलासपुर जिले के लोगों की दशकों से शुदर के समीप पुल निर्माण की मांग चली आ रही थी, लेकिन इन लोगों को पुल की सौगात नहीं मिल पा रही थी। स्थानीय लोगों ने पुल की इस समस्या को विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के समक्ष रखा। लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक आईडी लखनपाल ने इस कार्य को विधायक प्राथमिकता के तहत सरकार के समक्ष उठाया।
अब इस पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ 67 लाख 25 हजार की राशि स्वीकृत हो गई है। सरकार ने स्वीकृत की गई राशि से एक करोड़ की राशि लोकनिर्माण विभाग को भेज दी है। शुदर के समीप शुक्कर खड्ड पर पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बड़सर की धंगोटा, सठवीं, महारल, बल्ह बिहाल, सकरोह आदि के लोगों को शिमला, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू जाने के लिए करीब 15 किलोमीटर के लंबे सफर से छुटकारा मिलेगा। यही नहीं शुक्कर खड्ड के साथ लगती इन पंचायतों के लोगों को भारी बरसात भी अब बाधा नहीं बन पाएगी। वहीं, बिलासपुर जिले के सीमावर्ती गांव करलोटी, मोड़ा, गालियां, ढलोह, डंगार आदि के लोग भी लाभान्वित होंगे।
बरसात में नहीं होगी आवाजाही की परेशानी
बाड़ा से डंगार संपर्क सड़क पर शुदर बतलाहू में शुक्कर खड्ड पर पुल का निर्माण होने के बाद खड्ड किनारे स्थित कुलदेवी झोरघाट के दर्शनों को आने वाले भक्तों के कदमों को अब भारी बरसात भी नहीं रोक पाएगी। इससे पहले बरसात के दिनों में शुक्कर खड्ड के साथ लगते गांवों के लोगों का संपर्क आपस में कट जाता था, जबकि सड़क से घूमकर करीब 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता था।
पुल और सड़क के लिए 6.67 करोड़ हैं स्वीकृत : लखनपाल
बड़सर के विधायक आईडी लखनपाल का कहना है कि बाड़ा, खलौत, नंडल, शुदर, बतलाहू सडक को पक्का करने और शुदर बतलाहू शुक्कर खड्ड पर पुल निर्माण के लिए विधायक प्राथमिकता के तहत एक करोड़ की राशि लोक निर्माण विभाग के पास पहुंच गई है। कुल 6.67 करोड़ स्वीकृत हुए हैं। अब शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
बॉक्स
जल्द शुरू होगा पुल का कार्य : एसडीओ
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विनोद कुमार का कहना है कि शुक्कर खड्ड में शुदर के समीप बनने वाले पुल के निर्माण के लिए दस्तावेज संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। ठेकेदार की ओर से शीघ्र ही इस कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।