भोरंज(हमीरपुर)। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि डेयरी फार्मिंग, रेशम की कीट पालन तथा बागवानी में युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक तौर पर अगर इन गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाए तो निश्चित तौर पर प्रदेश के हजारों युवाओं को घर द्वार पर ही स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा सकते हैं।
सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को पट्टा में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत कहा कि हिमाचल में अभी भी बाहरी राज्यों से आयात करना पड़ रहा है। स्वयं सहायता समूहों को भी सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जाएगा। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में स्कूलों में खेलों के बढ़ावा देने के लिए सांसद निधि के माध्यम से आवश्यक मदद देने का प्लान भी तैयार किया गया है। इस मौके पर उनके साथ विधायक कमलेश कुमारी समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।