संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में मंगलवार को इस सीजन के सर्वाधिक 78 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। वहीं, एक्टिव केस 326 हो गए हैं। कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने और मास्क का प्रयोग करने की अपील की है।
मंगलवार को आरटीपीसीआर जांच में 64 सैंपल जांचे गए। इनमें से 11 सैंपल पॉजिटिव पाए गए, जबकि रैपिड एंटीजन टेस्ट में जांचे गए 448 सैंपलों में से 67 पॉजिटिव निकले। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमित 24,131 हो गए हैं, जबकि कुल सक्रिय मामले 326 हो गए हैं। कुल संक्रमितों से 23,474 लोग ठीक हो चुके हैं और 330 ने अपनी जान गंवाई है। सक्रिय 326 मामलों में से आठ डीसीएच हमीरपुर में उपचाराधीन हैं, जबकि शेष 318 गृह संगरोध में हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि मंगलवार को 78 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। उन्होंने लोगों से मास्क लगाने और सामाजिक दूरी नियम की पालना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विभाग ने सैंपलिंग और बूस्टर डोज लगाने को तेजी दी है। लोग विभाग का सहयोग करें।