केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में कोवैक्सीन लगवाता छात्र। -संवाद
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिले में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। एनआईटी हमीरपुर में लगातार तीसरे दिन संक्रमित मामले सामने आए हैं। वीरवार को एनआईटी के 39 विद्यार्थियों समेत जिले में 62 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, एक्टिव केस भी 152 हो गए हैं। अकेले एनआईटी हमीरपुर में ही तीन दिन के भीतर कोरोना के 78 नए मामले सामने आए हैं। जिसके चलते संस्थान में ऑफलाइन पढ़ाई को बंद कर दिया गया है। बीते मंगलवार को संस्थान में चार विद्यार्थी संक्रमित पाए गए थे। बुधवार को 35 नए मामले सामने आए और वीरवार को 39 और लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिला में लगातार कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
जिले में वीरवार को कोरोना के 62 नए मामले सामने आए हैं। जबकि, बुधवार को 53 नए मामले सामने आए थे। जिला में एक्टिव केसों की संख्या अब बढ़कर 152 हो गई है। इसके अलावा सैनिक स्कूल सुजानपुर में भी वीरवार को दो मामले सामने आए हैं। जिले में शैक्षणिक संस्थानों में अधिक मामले सामने आ रहे हैं। डिग्री कॉलेज हमीरपुर में भी कुछ लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। देश, प्रदेश सहित जिला में भी कोरोना के मामले पिछले कुछ दिनों में अचानक से बढ़ गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉक्टर आरके अग्निहोत्री ने कहा कि वीरवार को 62 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से रैपिड एंटीजन टेस्ट में 55, जबकि आरटीपीसीआर टेस्ट में सात लोग संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।